दुर्गापुर के राजबांध मे एनएच-19 पर खाद्य तेल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, चालक व खलासी घायल; यातायात रहा बाधित

दुर्गापुर । दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजबांध के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हल्दिया से खाद्य तेल लेकर धनबाद जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं, जबकि हादसे के कारण कुछ समय के लिए आसनसोल की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह हल्दिया से खाद्य तेल लेकर धनबाद जा रहा ट्रक जैसे ही कांकसा के राजबांध स्थित एनएच-19 पर पहुंचा, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कांकसा थाना पुलिस और कांकसा ट्रैफिक गार्ड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के आसनसोल जाने वाली लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने का कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाकर यातायात को सामान्य किया गया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *