मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मेजिया में 1,000 करोड़ रुपये की श्याम स्टील परियोजना का किया शिलान्यास, 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

बांकुड़ा। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के महज दो माह के भीतर औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को बांकुड़ा जिले के मेजिया में श्याम स्टील की 1,000 करोड़ रुपये की नई इस्पात परियोजना का शिलान्यास किया। राज्य सरकार ने इसे निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।

इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में राज्य के उद्योग मंत्री तपस राय, नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, शालतोड़ा की विधायक चंदना बाउरी सहित कई मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और श्याम स्टील समूह के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

श्याम स्टील प्रबंधन के अनुसार, इस परियोजना में लगभग 1,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। संयंत्र के पूरी तरह चालू होने के बाद प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके साथ ही मुख्य संयंत्र के आसपास कई सहायक (एंसिलरी) उद्योगों के विकसित होने की उम्मीद है, जिससे बांकुड़ा तथा आसपास के जिलों में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नई सरकार राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति, सिंडिकेट राज, कटमनी, रंगदारी और राजनीतिक हस्तक्षेप जैसी समस्याओं ने राज्य के औद्योगिक विकास को लंबे समय तक प्रभावित किया। उन्होंने दावा किया कि नई सरकार ने मात्र दो महीनों में इन चुनौतियों पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित किया है और निवेशकों का विश्वास दोबारा जीतने में सफलता प्राप्त की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डानकुनी और लक्ष्मीकोजी के बाद अब मेजिया में श्याम स्टील की इस परियोजना के माध्यम से राज्य में बड़े निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिलेगा और जो लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में गए हैं, उन्हें वापस लौटने का अवसर मिलेगा।

राज्य सरकार की इस औद्योगिक पहल का उद्योग जगत ने भी स्वागत किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि मेजिया में स्थापित होने वाला यह इस्पात संयंत्र पश्चिम बंगाल के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *