पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता सभापति सिंह से की मुलाकात, जाना स्वास्थ्य का हाल

रानीगंज। पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं आसनसोल जिला कोर कमेटी के सदस्य सभापति सिंह के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर उनके रानीगंज के रानीसायर स्थित आवास पहुंचकर स्वास्थ्य का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने सभापति सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मंत्री डॉ. अजय पोद्दार के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच आत्मीय वातावरण में बातचीत हुई और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर सभापति सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता उसकी कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता, चाहे वह किसी भी पद पर पहुंच जाए, अपने सहयोगियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को कभी नहीं भूलता तथा उनके सम्मान और सुख-दुख में सदैव साथ खड़ा रहता है। उन्होंने कहा, “माननीय मंत्री डॉ. अजय पोद्दार अपनी सादगी, विनम्रता, सहज व्यवहार और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता के लिए जाने जाते हैं। व्यस्त सरकारी दायित्वों के बावजूद उन्होंने मेरे स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए समय निकाला, यह मेरे लिए अत्यंत भावुक और सम्मान की बात है।” वहीं, पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि उनका और सभापति सिंह का संबंध कई दशकों पुराना है। उन्होंने कहा, “हम दोनों लगभग 40 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। सभापति सिंह पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित नेता हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही उनसे मिलने आना मेरा कर्तव्य था। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं के बीच आपसी सम्मान, आत्मीयता और पारिवारिक संबंधों की परंपरा रही है। यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी भावना के साथ सभी कार्यकर्ता एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह, दिनेश सोनी,मदन त्रिवेदी, आनंद साव, मनोज ओझा, सनी सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सभापति सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उनके बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *