
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के केंदा क्षेत्र स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की ओपनकास्ट खनन परियोजना का स्थानीय विधायक बिजन मुख़र्जी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ने परियोजना से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। निरीक्षण में जिला प्रशासन के भूमि विभाग के अधिकारी, जामुड़िया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), जामुड़िया थाना प्रभारी तथा ईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान विधायक ने परियोजना क्षेत्र के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने आवागमन, आवास, रोजगार, धूल प्रदूषण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे विधायक के समक्ष रखे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक एवं खनन परियोजनाएं क्षेत्र के विकास और आर्थिक प्रगति के लिए आवश्यक हैं, लेकिन विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों के अधिकारों और हितों की रक्षा भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। परियोजना के कारण किसी भी परिवार की आजीविका, आवास या दैनिक जीवन प्रभावित नहीं होना चाहिए। विधायक ने ईसीएल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि परियोजना से प्रभावित लोगों के पुनर्वास, रोजगार, सुरक्षित आवागमन, पेयजल, सड़क तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास और जनहित के बीच संतुलन बनाए रखना प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की साझा जिम्मेदारी है। दौरे के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन और ईसीएल अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों ने भी विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रभावित लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और विकास कार्य जनभावनाओं तथा कानून के अनुरूप ही आगे बढ़ाए जाएंगे।
