
जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के केंदा क्षेत्र स्थित छोरा-10 पीट कोलियरी में शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध खान श्रमिक कांग्रेस के बैनर तले एक पीट सभा का आयोजन किया गया। सभा का मुख्य उद्देश्य आगामी कोयला वेतन समझौता-12 (एनसीडब्ल्यूए-12) को लेकर मजदूरों को जागरूक करना तथा उनके अधिकारों और हितों के प्रति संगठन की रणनीति से अवगत कराना था। सभा में बड़ी संख्या में कोयला मजदूरों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि जयनाथ चौबे ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा राष्ट्रहित, उद्योग हित और मजदूर हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि वेतन समझौता-12 की अवधि 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जबकि वेतन समझौता-11 की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो गई। ऐसे में समयबद्ध और सम्मानजनक वेतन समझौते के लिए संगठन पूरी गंभीरता के साथ प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि वेतन बोर्ड-12 के गठन और मजदूरों को जागरूक करने के उद्देश्य से 25 जून से 30 जून 2026 तक लगातार विभिन्न खदानों में पीट सभाएं, गेट मीटिंग और स्ट्रीट मीटिंग आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मजदूरों को वेतन समझौते की प्रक्रिया और उसके महत्व से अवगत कराया गया। जयनाथ चौबे ने आरोप लगाया कि कुछ अन्य श्रमिक संगठन समय पर वेतन समझौता नहीं चाहते और वे मजदूरों के हितों की अपेक्षा राजनीतिक लाभ को अधिक महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ का उद्देश्य केवल मजदूरों के हितों की रक्षा करना है और संगठन वेतन समझौता-12 को सम्मानजनक बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ संघर्ष करेगा। उन्होंने मजदूरों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से सावधान रहें और संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि वेतन समझौता-11 के समय भी कई लोगों ने समझौता नहीं होने की बातें कही थीं, लेकिन भारतीय मजदूर संघ के निरंतर प्रयासों और दबाव के कारण सम्मानजनक समझौता संभव हो सका। इसी प्रकार वेतन समझौता-12 में भी वेतन वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल की सुरक्षा, श्रमिक कल्याण और अन्य सुविधाओं को लेकर संगठन पूरी मजबूती से अपनी बात रखेगा। सभा को खान श्रमिक कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, महामंत्री मृत्युंजय सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज चौबे, केंदा एरिया सचिव शिवचंद हरिजन, तापस घोष, छोरा-10 पीट शाखा अध्यक्ष अनूप कुमार घोष, शाखा सचिव देवजीत चटर्जी, देवप्रिय चटर्जी, अनिल यादव, अक्षयलाल यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने मजदूरों से एकजुट रहकर संगठन को मजबूत बनाने तथा वेतन समझौता-12 को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। सभा के अंत में मजदूरों ने संगठन के नेतृत्व में अपने अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक वेतन समझौते के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
