
पिट सेफ्टी कमेटी की बैठक में खनन सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन और शून्य दुर्घटना लक्ष्य पर दिया जोर
आसनसोल। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) में खनन कार्यों को पूरी तरह सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने की दिशा में कंपनी प्रबंधन लगातार गंभीर प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सतीश झा ने शुक्रवार को कजोरा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर खनन कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और संचालन संबंधी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि उत्पादन से अधिक महत्वपूर्ण कर्मचारियों की सुरक्षा है और सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दौरे के दौरान सीएमडी ने कजोरा क्षेत्र की विभिन्न खदानों का निरीक्षण कर कार्यस्थलों पर लागू सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। उन्होंने पिट सेफ्टी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, संभावित जोखिमों का समय रहते आकलन करने तथा प्रत्येक कार्यस्थल पर निरंतर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति ही खनन उद्योग की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह सुरक्षा मानकों का पूरी निष्ठा से पालन करे। निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने कजोरा क्षेत्र के सर्वेयरों, प्रबंधन प्रशिक्षुओं (मैनेजमेंट ट्रेनी) तथा अन्य अधिकारियों के साथ संवादात्मक बैठक भी की। इस अवसर पर उन्होंने खनन कार्यों में परिचालन उत्कृष्टता, आधुनिक तकनीक के उपयोग, नवाचार, पेशेवर दक्षता और सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवा अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्य और व्यवहार से ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करें, जिससे कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व देने की संस्कृति विकसित हो। श्री झा ने कहा कि किसी भी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी उसके कर्मचारी होते हैं। इसलिए प्रत्येक निर्णय में कर्मचारियों के जीवन और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “कोई भी उत्पादन लक्ष्य मानव जीवन से बड़ा नहीं हो सकता।” प्रत्येक कर्मचारी का सुरक्षित घर लौटना ही ईसीएल की सबसे बड़ी सफलता है। सीएमडी ने कहा कि ईसीएल केवल वैधानिक नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा को अपनी कार्य संस्कृति और मूल मूल्य के रूप में अपनाकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे सामूहिक जिम्मेदारी निभाते हुए खदानों में शून्य दुर्घटना (ज़ीरो एक्सीडेंट) के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
ईसीएल प्रबंधन का मानना है कि सुरक्षित कार्य वातावरण, सतर्कता, अनुशासन और आधुनिक सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन से ही खनन कार्यों को अधिक सुरक्षित, उत्पादक और टिकाऊ बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य के साथ कंपनी सभी क्षेत्रों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रयासरत है।
