आसनसोल के सालानपुर में राजनीतिक हिंसा के बाद सड़क जाम, टायर जलाकर किया विरोध प्रदर्शन

टीएमसी-भाजपा ने एक-दूसरे पर लगाए हमले के आरोप, पुलिस ने जाम हटाकर स्थिति संभाली; क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी

आसनसोल। आसनसोल के सालानपुर थाना क्षेत्र के आचरा इलाके में टीएमसी और भाजपा के समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद शुक्रवार सुबह क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया और मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी और सालानपुर थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और काफी प्रयास के बाद सड़क से जाम हटवाया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पूरे इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।गौरतलब है कि गुरुवार देर रात आछड़ा गांव में टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना को लेकर दोनों राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का आरोप है कि उसके कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमला किया गया, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर मारपीट की गई। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में स्थायी रूप से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *