भारत विकास परिषद ने रानीगंज के बल्लभपुर ग्राम प्राथमिक विद्यालय को भेंट किया वाटर प्यूरीफायर, विद्यार्थियों को वितरित की लेखन सामग्री

रानीगंज। सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय भारत विकास परिषद, रानीगंज शाखा की ओर से मंगलवार को बल्लभपुर ग्राम प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु एक वाटर प्यूरीफायर भेंट किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के बच्चों के बीच लेखन सामग्री एवं अन्य उपयोगी उपहारों का भी वितरण किया गया। इस पहल से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में खुशी का माहौल देखा गया। बताया गया कि बल्लभपुर ग्राम प्राथमिक विद्यालय में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। विद्यालय में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुमन दास ने भारत विकास परिषद से वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। परिषद ने अनुरोध पर त्वरित पहल करते हुए विद्यालय को वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुमन दास ने भारत विकास परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिषद ने विद्यार्थियों की एक बड़ी समस्या का समाधान कर उन्हें शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई है। उन्होंने विशेष रूप से परिषद के अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह कार्य संभव हो सका। उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्यों ने न केवल वाटर प्यूरीफायर भेंट किया, बल्कि बच्चों को लेखन सामग्री और उपहार भी वितरित किए, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इससे बच्चों को विद्यालय आने के लिए नई प्रेरणा भी मिलेगी। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया, सचिव अरुणोमय कुंडु, 91 नंबर वार्ड के शक्ति प्रमुख एवं रानीगंज विधानसभा के मीडिया संयोजक देवाशीष केउरा, सोनू बरनवाल सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को भी समान रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी गतिविधियों को जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *