
जामुड़िया। अन्नपूर्णा योजना की राशि बैंक खातों में नहीं आने से नाराज जामुड़िया के वार्ड संख्या-7 की महिलाओं ने बुधवार को एक नंबर बरो कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने योजना के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया था, लेकिन आवेदन की सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बावजूद अब तक उनके खातों में योजना की राशि नहीं पहुंची है। महिलाओं ने बरो कार्यालय में कार्यपालक अभियंता (एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) अपरेश घोष से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। उनका कहना था कि आवेदन जमा करने के बाद भी योजना का लाभ नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द मामले का समाधान कर पात्र लाभार्थियों के खातों में राशि भेजने की मांग की। महिलाओं की शिकायत सुनने के बाद कार्यपालक अभियंता अपरेश घोष ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए एक जांच दल (इंक्वायरी टीम) गठित किया जाएगा। टीम संबंधित लाभार्थियों के आवेदन, दस्तावेज और अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किन कारणों से लाभार्थियों के खातों में राशि नहीं पहुंच सकी। उन्होंने महिलाओं को यह भी बताया कि बोरो कार्यालय में प्राप्त सभी आवेदन नियमानुसार जिला प्रशासन के पास भेज दिए गए हैं। अब आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी कार्यालय के स्तर से की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी पात्र लाभार्थी पाए जाएंगे, उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाएं शांतिपूर्वक लौट गईं। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगी।
