आसनसोल से मंत्री अग्निमित्रा पाल का बड़ा संदेश,1 सितंबर से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना

आसनसोल। राज्य की मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि स्वच्छ बंगाल अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार एक सितंबर 2026 से सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, कचरा फेंकने तथा खुले में मल-मूत्र त्याग करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाएगी। इससे पहले लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। रविवार को चित्रा स्थित राधानगर एथलेटिक क्लब द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचीं मंत्री अग्निमित्रा पाल ने यह घोषणा की। समारोह में क्लब से लंबे समय से जुड़े उद्योगपति एवं समाजसेवी पवन गुटगुटिया, क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बप्पा चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। समारोह में क्लब की ओर से मंत्री का शॉल और स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया। सम्मान स्वीकार करने के बाद अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल में मिली जिम्मेदारी का निर्वहन वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आसनसोल नगर निगम के सफाईकर्मी और ‘निर्मल साथी’ पूरी लगन से अपना दायित्व निभा रहे हैं, लेकिन शहर को स्वच्छ रखना केवल उनकी जिम्मेदारी नहीं है। प्रत्येक नागरिक को भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि एक सितंबर तक लोगों को जागरूक किया जाएगा, उसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बंगाल के सभी शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। मंत्री ने बताया कि आसनसोल दक्षिण में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली दुर्गा पूजा को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए जल्द ही क्षेत्र की सभी पूजा समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लिए जल्द हेल्पलाइन नंबर जारी करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक वह स्वयं जिला शासक कार्यालय अथवा आसनसोल नगर निगम कार्यालय में मौजूद रहकर लोगों के फोन रिसीव करेंगी। तत्काल समाधान योग्य मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालयों से संबंधित शिकायतों के लिए राज्य स्तर पर भी अलग हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, ताकि कोई भी नागरिक सीधे अपनी समस्या दर्ज करा सके। मंत्री ने व्यापारियों से निर्धारित सीमा के भीतर दुकानें संचालित करने और नागरिकों से सड़क पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के निर्माण में सरकार के साथ आम लोगों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। अपने संबोधन के अंत में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि जनता ने भाजपा सरकार को जनादेश दिया है। इसलिए सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और प्रत्येक मंत्री पूरी ईमानदारी तथा पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *