जामुड़िया में दंपती की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर में फंदे से लटका मिला पति, पत्नी का शव फर्श पर मिला; जांच में जुटी पुलिस

जामुड़िया। पश्चिम बर्धमान जिले के जामुड़िया थाना क्षेत्र के बालानपुर बाउरी पाड़ा में एक विवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने गुरुवार देर रात घर के एक कमरे से पति का शव फंदे से लटका हुआ तथा पत्नी का शव फर्श पर पड़ा बरामद किया। घटना के समय दंपती का 10 वर्षीय पुत्र उसी कमरे में गहरी नींद में सो रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार करीब डेढ़ बजे मृतक जयंत बाउरी के कुछ मित्रों के मोबाइल फोन पर एक संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में कथित तौर पर उनके पास जमा धनराशि और संपत्ति को बेटे के नाम करने तथा उसके भविष्य का ध्यान रखने का अनुरोध किया गया था। संदेश मिलने के बाद मित्रों को आशंका हुई और वे तत्काल जयंत के घर पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो जयंत बाउरी का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया, जबकि उनकी पत्नी सोनामणि बाउरी का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था। वहीं उनका लगभग 10 वर्षीय पुत्र, जो स्थानीय विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है, कमरे में सो रहा था। घटना की सूचना तत्काल जामुड़िया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, 32 वर्षीय जयंत बाउरी और 27 वर्षीय सोनामणि बाउरी ने लगभग दस वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। बताया जाता है कि विवाह के बाद से दोनों के बीच समय-समय पर पारिवारिक विवाद होते रहते थे। गुरुवार रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भोजन करने के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए थे। इसके बाद कमरे के भीतर क्या हुआ, इसका फिलहाल कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, मोबाइल फोन से भेजे गए संदेश तथा अन्य तकनीकी और परिस्थितिजन्य तथ्यों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मृतक के परिजनों, मित्रों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। वहीं माता-पिता को खो चुके दंपती के 10 वर्षीय पुत्र को फिलहाल परिजनों की देखरेख में रखा गया है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *