
दुर्गापुर। लायंस क्लब दुर्गापुर की नई कार्यकारिणी के गठन के उपलक्ष्य में शुक्रवार को दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ की ओर से एक सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई। समारोह में लायंस क्लब दुर्गापुर के नवनियुक्त अध्यक्ष सुमित चंद्र शर्मा का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। संघ के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों ने उन्हें उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आंवले का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों का मुंह मीठा कराकर खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लायंस क्लब वर्षों से सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करता आ रहा है। नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में संस्था समाजहित के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अध्यक्ष सुमित चंद्र शर्मा के नेतृत्व में क्लब नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाए रखेगा। वही इस अवसर पर दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक संगठनों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना संभव है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सेवा भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी शिवनाथ चौधरी, गोविंद लाल खंडेवाल, दुर्गापुर जन विकास सेवा संघ के महासचिव अजय कुमार चौबे, जनकल्याण फाउंडेशन की मीता गांगुली, आफताब हुसैन, समाजसेवी विनोद यादव, इंद्रदेव प्रसाद, दिलीप कुमार भगत तथा वरिष्ठ समाजसेवी अमृत सिंह सहित संघ के अनेक शुभचिंतक एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
