जामुड़िया में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कथित बालू माफिया माखन पाल गिरफ्तार,बालू माफियाओं मे हड़कंप

जामुड़िया। अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामुड़िया पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित बालू कारोबारी माखन पाल को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है तथा पूरे क्षेत्र में इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा हो रही है। जानकारी के अनुसार, जामुड़िया एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध बालू खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस ने जांच-पड़ताल और निगरानी के बाद कार्रवाई करते हुए माखन पाल को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की इसमें क्या भूमिका रही है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पूर्व जामुड़िया में भाजपा के द्वारा आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी माखन पाल का नाम लेते हुए अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कड़ी चेतावनी दी थी। इसके बाद से ही प्रशासन की नजर अवैध बालू कारोबार पर बनी हुई थी। हाल ही में बीएलआरओ (भूमि एवं भूमि सुधार कार्यालय) की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-14 पर अभियान चलाकर ओवरलोड बालू से लदे चार ट्रकों को जब्त किया था। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अपनी सख्ती और बढ़ा दी थी। अब माखन पाल की गिरफ्तारी को उसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी प्रकार लगातार कार्रवाई करता रहा तो अवैध बालू खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों की चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *