बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल  दोनों 21 जुलाई को करेंगी शहीद दिवस रैलियां

कोलकाता, 26 जून । पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस ने 21 जुलाई को कोलकाता में शहीद दिवस के अवसर पर बड़ी जनसभा आयोजित करने की घोषणा की है। यह कार्यक्रम ऐसे समय में होने जा रहा है, जब तृणमूल कांग्रेस के पारंपरिक 21 जुलाई कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने शुक्रवार को कोलकाता के बिधान भवन में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि राज्य युवा कांग्रेस के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता 1993 में पुलिस फायरिंग में मारे गए 13 लोगों को श्रद्धांजलि देंगे। इस दौरान एस्प्लेनेड स्थित शहीद मीनार पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमिताभ चक्रवर्ती ने राज्यभर में “शहीद मीनार चलो” अभियान शुरू करने का आह्वान किया है, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हो सकें। दिल्ली से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के आने की भी संभावना जताई गई है।

इधर, तृणमूल कांग्रेस के भीतर हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और संगठन में विभाजन की चर्चाओं के बीच उसके 21 जुलाई कार्यक्रम को लेकर भी अटकलें चल रही हैं। कुछ पूर्व तृणमूल विधायकों ने अलग गुट बनाकर स्थिति को और जटिल कर दिया है।

इन अटकलों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साफ किया है कि तृणमूल कांग्रेस की 21 जुलाई रैली भी एस्प्लेनेड में ही होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि अनुमति मिलने की उम्मीद है और परिस्थिति कैसी भी हो, कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 21 जुलाई 1993 को तत्कालीन युवा कांग्रेस नेता ममता बनर्जी के नेतृत्व में निकाले गए प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में 13 कार्यकर्ताओं की मौत हुई थी। बाद में ममता बनर्जी के तृणमूल कांग्रेस बनाने के बाद यह दिन पार्टी के प्रमुख राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में मनाया जाने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *