
कोलकाता, 26 जून । पश्चिम बंगाल सरकार ने चर्चित तमन्ना खातून हत्याकांड में लोक अभियोजक (पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) बदल दिया है। पीड़िता की मां की अपील के बाद यह फैसला लिया गया। अब इस मामले की पैरवी वरिष्ठ लोक अभियोजक विभाष चटर्जी करेंगे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, पहले इस मामले में सुबेदी सान्याल को जिम्मेदारी दी गई थी। अब उनकी जगह विभाष चटर्जी को नियुक्त किया गया है, जिनका ऐसे मामलों में त्वरित सुनवाई और दोषियों को सजा दिलाने का अच्छा रिकॉर्ड रहा है।
बताया गया है कि तमन्ना की मां सबीना इयासमिन शेख लंबे समय से इस बदलाव की मांग कर रही थीं। उन्होंने पहले भी राज्य सरकार से कई बार इस संबंध में अनुरोध किया था।
हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर मामले में जल्द न्याय की मांग की। इसके बाद सरकार ने लोक अभियोजक बदलने का फैसला लिया।
सबीना शेख ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहल से पहले मामले में फरार पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हुई और अब अभियोजन पक्ष भी मजबूत किया गया है।
उल्लेखनीय है कि तमन्ना खातून की पिछले वर्ष 23 जून को कालिगंज में बमबाजी की घटना में मौत हो गई थी। आरोप है कि विधानसभा उपचुनाव में जीत के जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने उसके घर पर देसी बम फेंके थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
यह मामला पश्चिम बंगाल में काफी चर्चा में रहा है और अब नए लोक अभियोजक की नियुक्ति के बाद परिवार को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
