फिरहाद की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े तृणमूल विधायक कुणाल घोष

कोलकाता, 26 जून। कोलकाता के तारातला गोदाम की छत ढहने के मामले में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बेलियाघाटा से विधायक कुणाल घोष ने कोलकाता के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम की गिरफ्तारी की मांग की है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में यह दावा किया है कि गोदाम के भवन निर्माण की स्वीकृत योजना पर पूर्व मेयर फिरहाद हकीम के हस्ताक्षर हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

कुणाल घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि भवन योजना पर पूर्व मेयर के हस्ताक्षर हैं। फिर पूर्व मेयर को गिरफ्तार कीजिए। दस्तावेज का इस्तेमाल केवल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए मत कीजिए।

हालांकि, फिरहाद हकीम ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मेयर सीधे तौर पर भवन निर्माण योजनाओं को मंजूरी नहीं देते। उन्होंने कहा कि हर दिन हजारों भवन योजनाएं स्वीकृत होती हैं। इसके लिए एक निर्धारित प्रक्रिया होती है। इस हादसे के लिए मुझे जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

तारातला में निर्माणाधीन गोदाम ढहने के मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस की विशेष जांच टीम ने पूर्व मेयर फिरहाद हकीम के पूर्व विशेष कार्याधिकारी कालीचरण बनर्जी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में दावा किया था कि स्वीकृत भवन योजना में गंभीर संरचनात्मक खामियां थीं और इस योजना पर फिरहाद हकीम के हस्ताक्षर मौजूद हैं। इसी के बाद कुणाल घोष ने भी हकीम की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18 घायल मजदूर विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। बचाव अभियान अभी भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *