
आसनसोल । भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज को आसनसोल में पार्टी के लीगल सेल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तथा रानीगंज के विधायक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पार्थो घोष मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान जिले के भाजपा लीगल सेल से जुड़े अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विधायक पार्थो घोष ने कहा कि पिछले डेढ़ दशक के दौरान केवल भाजपा से जुड़े होने के कारण अनेक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर विभिन्न प्रकार के मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें से कई मामले ऐसे हैं जिनका कोई ठोस आधार नहीं था और जिन्हें राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से दर्ज कराया गया था। उन्होंने लीगल डिपार्टमेंट के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि वे अभी से ऐसे सभी मामलों का विस्तृत विवरण एकत्रित करना शुरू करें तथा जिलेभर में दर्ज कथित झूठे राजनीतिक मामलों की सूची तैयार करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ऐसे मामलों की समीक्षा एवं उन्हें निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। जब सरकार की ओर से इन मामलों का ब्यौरा मांगा जाएगा, तब पश्चिम बर्दवान जिला पूरी तैयारी के साथ सबसे पहले सूची उपलब्ध कराने में सक्षम होना चाहिए। पार्थो घोष ने कहा कि उनकी इच्छा है कि पश्चिम बर्दवान जिला पूरे राज्य में एक उदाहरण प्रस्तुत करे और भाजपा के लीगल सेल की सक्रियता एवं कार्यक्षमता के कारण अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सभी आवश्यक सूचनाएं संकलित कर ली जाती हैं तो जिले की ओर से तत्काल राज्य सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जा सकेगी। उन्होंने पार्टी के अधिवक्ताओं और लीगल सेल से जुड़े सदस्यों को संगठनात्मक रूप से और अधिक सक्रिय होने की सलाह देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में कोई न कोई लक्ष्य और महत्वाकांक्षा होती है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी की गतिविधियों पर नजर रखता है तथा यह देखता है कि कौन व्यक्ति संगठन को मजबूत बनाने के लिए कितना योगदान दे रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासन निष्पक्षता के साथ कार्य कर रहा है। ऐसे में कई लोग कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) प्राप्त करने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने भाजपा लीगल डिपार्टमेंट के सदस्यों से आग्रह किया कि वे न्यायालयों में चल रही ऐसी प्रक्रियाओं पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करें कि किसी भी व्यक्ति को अनुचित या अवांछित तरीके से राहत न मिले। कानून के अनुसार दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों को उचित दंड मिलना चाहिए। वही इस बैठक के अंत में पार्थो घोष ने सभी अधिवक्ताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
