आसनसोल के बास्तीन बाजार में निर्माण कार्य को लेकर विवाद, किरायेदार ने जताई सुरक्षा को लेकर चिंता


आसनसोल। आसनसोल के व्यस्तम क्षेत्र बास्तीन बाजार स्थित एक व्यावसायिक भवन में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्य को लेकर किरायेदार और भवन मालिक के बीच विवाद गहरा गया है। मामले को लेकर किरायेदार पक्ष ने सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताएं व्यक्त करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बास्तीन बाजार स्थित गीता ज्वेलर्स की संचालिका गीता देवी बर्मन ने आरोप लगाया है कि जिस भवन में उनकी दुकान संचालित हो रही है, उसके ऊपरी हिस्से में इन दिनों निर्माण एवं मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना है कि पुरानी इमारत में इस प्रकार के निर्माण कार्य से दुकान की संरचना को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर तथा अन्य मूल्यवान सामानों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। गीता देवी बर्मन के अनुसार, निर्माण कार्य के कारण ग्राहकों के बीच भी असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुकान में आने वाले कई ग्राहक भवन की स्थिति और चल रहे निर्माण कार्य को देखकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। किरायेदार पक्ष का आरोप है कि इस विषय को लेकर कई बार भवन मालिक से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। इसके बाद उन्होंने कानूनी प्रक्रिया का सहारा लिया। उनका दावा है कि न्यायालय द्वारा निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। गीता देवी बर्मन के पति राजीव रंजन बर्मन ने बताया कि उनका परिवार पिछले लगभग आठ वर्षों से उक्त स्थान पर व्यवसाय कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी भवन में मरम्मत अथवा निर्माण कार्य कराना भवन मालिक का अधिकार है, लेकिन ऐसे कार्यों के दौरान वहां कार्यरत किरायेदारों की सुरक्षा, व्यापारिक हितों और सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कदम उठाने की मांग की। दूसरी ओर, इस संबंध में भवन मालिक अभयम माखारिया का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका। इसलिए आरोपों पर उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया है। इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारिक समुदाय में चर्चा का माहौल है। व्यापारियों का मानना है कि ऐसे मामलों का समाधान आपसी संवाद और कानूनी प्रावधानों के तहत किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी पक्ष के हित प्रभावित न हों। फिलहाल मामला संबंधित पक्षों के बीच कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया के अधीन बताया जा रहा है तथा सभी की नजर आगामी घटनाक्रम पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *