आसनसोल में ‘सृजन द स्पार्क’ की नई उड़ान, कला एवं संस्कृति को मिलेगा सशक्त मंच

आसनसोल। औद्योगिक नगरी आसनसोल में कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘सृजन द स्पार्क – आसनसोल चैप्टर’ का शुभारंभ किया गया। इस नई सांस्कृतिक पहल का उद्देश्य शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाशाली कलाकारों, विद्यार्थियों तथा कला प्रेमियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन कर सकें और अपने हुनर को नई पहचान दिला सकें। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘सृजन द स्पार्क’ केवल एक सांस्कृतिक संगठन नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को खोजने, उन्हें प्रोत्साहित करने और सही मार्गदर्शन प्रदान करने का एक व्यापक प्रयास है। इसके माध्यम से उन कलाकारों को आगे आने का अवसर मिलेगा, जिन्हें अब तक अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच नहीं मिल पाया था। इस पहल के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें नृत्य, गायन, वाद्य संगीत, चित्रकला, रचनात्मक लेखन, कला एवं शिल्प सहित अनेक कलात्मक गतिविधियां शामिल हैं। आयोजकों का मानना है कि कला किसी भी समाज की सांस्कृतिक पहचान होती है और इसे बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए इस मंच का निर्माण किया गया है। संस्था का लक्ष्य है कि उभरती हुई प्रतिभाओं को न केवल प्रदर्शन का अवसर मिले, बल्कि उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास भी प्रदान किया जाए, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें। ‘सृजन द स्पार्क – आसनसोल चैप्टर’ की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए रविवार को आसनसोल स्थित रवीन्द्र भवन में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय संगीत जगत की सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोसले की समृद्ध संगीत विरासत को समर्पित था। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने उनके लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिय।सांस्कृतिक संध्या में संगीत, नृत्य और कला की विविध प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और लंबे समय तक तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, कला प्रेमियों, शिक्षाविदों और सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं और समाज में सकारात्मक सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्था की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों, अभिभावकों, शिक्षकों और कला प्रेमियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई। आयोजकों का कहना है कि सामूहिक प्रयास और मार्गदर्शन के माध्यम से आसनसोल को एक सशक्त सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। ‘सृजन द स्पार्क – आसनसोल चैप्टर’ की शुरुआत को शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। कला और रचनात्मकता को समर्पित यह मंच आने वाले समय में अनेक नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ आसनसोल की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *