
दुर्गापुर। पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर के कांकसा थाना क्षेत्र में स्थित पानागढ़ वायुसेना छावनी की सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान से वायुसेना छावनी की दिशा में सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे, जिससे सैन्य गतिविधियों पर निगरानी रखे जाने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। वायुसेना अधिकारियों की शिकायत के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मणिलाल पंडित और संदीप दुबे के रूप में हुई है। दोनों कांकसा के बिरुडीहा क्षेत्र में एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित करते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनके प्रतिष्ठान में लगाए गए कुछ सीसीटीवी कैमरों का रुख पानागढ़ वायुसेना छावनी की ओर था। सूत्रों के मुताबिक, वायुसेना अधिकारियों ने इस संबंध में संबंधित व्यक्तियों को कई बार मौखिक रूप से चेतावनी दी थी तथा कैमरों की दिशा बदलने या उन्हें अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्देश भी दिया गया था। आरोप है कि निर्देशों के बावजूद कैमरों को नहीं हटाया गया, जिसके बाद सुरक्षा संबंधी कारणों को देखते हुए वायुसेना की सुरक्षा इकाई ने हस्तक्षेप किया। बुधवार देर रात वायुसेना अधिकारियों ने दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कांकसा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उन्हें दुर्गापुर महकमा न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कैमरे किस उद्देश्य से लगाए गए थे तथा उनसे किस प्रकार की रिकॉर्डिंग की जा रही थी। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि कहीं इससे संवेदनशील सैन्य गतिविधियों की जानकारी तो एकत्र नहीं की जा रही थी। पानागढ़ वायुसेना छावनी देश की महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों में से एक मानी जाती है। ऐसे में उसके आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से लेती हैं। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
