आसनसोल नगर निगम में ममता बनर्जी की तस्वीर को लेकर सियासी घमासान, भाजपा ने हटाने की उठाई मांग

भाजपा नेता केशब पोद्दार ने दी आंदोलन की चेतावनी, मेयर बिधान उपाध्याय बोले— सरकारी निर्देश मिलने पर ही होगा निर्णय

आसनसोल। आसनसोल नगर निगम में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब भाजपा नेताओं ने नगर निगम के मेयर चैंबर में लगी ममता बनर्जी की तस्वीर पर आपत्ति जताई है। भाजपा का कहना है कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद सरकारी कार्यालयों में पुराने राजनीतिक प्रतीकों को हटाया जाना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेता केशब पोद्दार ने नगर निगम प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि मेयर चैंबर सहित सरकारी कार्यालयों में अब भी पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर लगी होना सत्ता परिवर्तन की वास्तविकता को नकारने जैसा है। उन्होंने मांग की कि तस्वीर को तत्काल हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा व्यापक आंदोलन करेगी। केशब पोद्दार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार बदलने के बाद प्रशासनिक संस्थानों में भी उसी के अनुरूप बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन जानबूझकर इस मामले को नजरअंदाज कर रहा है। वहीं दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का बदलाव केवल सरकारी आदेश या आधिकारिक निर्देश मिलने के बाद ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन नियमों और सरकारी प्रक्रिया के अनुसार ही कार्य करता है तथा बिना निर्देश के कोई निर्णय नहीं लिया जा सकता। इस मुद्दे को लेकर शहर की राजनीति गर्मा गई है। भाजपा इसे सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक ढांचे में बदलाव का स्वाभाविक हिस्सा बता रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने पूरे विवाद को अनावश्यक राजनीतिक मुद्दा करार दिया है। तृणमूल नेताओं का कहना है कि जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा इस प्रकार के विवाद खड़े कर रही है। फिलहाल इस मामले ने आसनसोल की राजनीतिक सरगर्मियों को तेज कर दिया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *