ईसीएल के परासिया कोलियरी में दर्दनाक हादसा, चाल धंसने से 2 श्रमिकों की मौत, कई घायल,सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

जामुड़िया। जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की कुनुस्तोड़िया एरिया के परासिया कोलियरी में गुरुवार की सुबह एक भीषण हादसा हो गया। खदान के भीतर अचानक हुए एयर ब्लास्ट और उसके बाद कोयले की चाल धंस जाने से दो श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह पहली पाली के दौरान परासिया कोलियरी के 27 नंबर सेक्शन में लगभग 40 से 50 श्रमिक कोयला उत्खनन कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक खदान के भीतर तेज वायु दबाव के साथ एयर ब्लास्ट हुआ। विस्फोट जैसी स्थिति उत्पन्न होते ही भारी मात्रा में कोयले की चाल टूटकर श्रमिकों के ऊपर आ गिरी। घटना इतनी अचानक हुई कि श्रमिकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।हादसे के तुरंत बाद खदान के भीतर चीख-पुकार मच गई। इमरजेंसी कॉल के माध्यम से घटना की सूचना खदान प्रबंधन और बचाव दल को दी गई। सूचना मिलते ही ईसीएल प्रबंधन सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। खदान के अंदर फंसे श्रमिकों को डोली के सहारे बाहर निकाला गया और बाहर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई, जिसके बाद घायलों को ईसीएल के बांसड़ा, काल्ला तथा अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई श्रमिकों की हालत गंभीर बनी हुई है।हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन घटना के बाद श्रमिक संगठनों ने ईसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रमिक नेताओं का कहना है कि खदानों में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि सेफ्टी मैनेजमेंट पूरी तरह लापरवाह और उदासीन हो चुका है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वही घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया के नवनिर्वाचित विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि घायल श्रमिकों को कोल इंडिया की ओर से बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. बिजन मुखर्जी ने बताया कि वह विधानसभा में शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने के कारण तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंच सके, लेकिन शीघ्र ही वापस लौटकर परासिया कोलियरी का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह मृतक श्रमिकों के परिवारों एवं घायल श्रमिकों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी लेंगे। फिलहाल इस भीषण हादसे के बाद खदान क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। श्रमिक संगठनों ने घटना की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *