
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर राज्य की सत्ता पर कब्जा जमाया है। भाजपा की सरकार बनने के बाद से पूरे राज्य में पार्टी के विजयी जनप्रतिनिधियों का विभिन्न सामाजिक एवं प्रशासनिक संगठनों द्वारा सम्मान किया जा रहा है। इसी क्रम में बाराबनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विजयी विधायक अरिजीत रॉय के नूनी ग्राम स्थित आवास पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाराबनी थाना प्रभारी देब्येंदु मुखर्जी विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने विधायक अरिजीत रॉय को उत्तरीय ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी ऐतिहासिक जीत पर शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
