भाजपा की विजय रैली में उमड़ा जनसैलाब, जामुड़िया में कार्यकर्ताओं ने मनाया ऐतिहासिक जीत का जश्न

मिलन समिति मैदान से थाना मोड़ तक निकली भव्य विजय जुलूस, भाजपा नेताओं ने सुशासन का दिलाया भरोसा

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद जामुड़िया क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल लगातार देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में भाजपा की ओर से जामुड़िया में एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।यह विजय जुलूस जामुड़िया के मिलन समिति मैदान से प्रारंभ होकर पेट्रोल पंप, जामुड़िया बाजार होते हुए थाना मोड़ बस स्टैंड तक पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। पूरे मार्ग में भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए पार्टी की जीत का उत्सव मनाया। जुलूस के दौरान क्षेत्र भगवामय नजर आया तथा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि लंबे संघर्ष, मेहनत एवं जनता के विश्वास के बल पर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास रचते हुए सरकार बनाई है। नेताओं ने कहा कि राज्य की जनता ने परिवर्तन के पक्ष में अपना जनादेश दिया है और भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नेताओं ने यह भी कहा कि राज्य में विकास, पारदर्शिता, सुशासन एवं कानून व्यवस्था को मजबूत करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी। जनता को बेहतर प्रशासन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पार्टी एवं प्रशासन दोनों स्तर पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इस विजय जुलूस में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, महासचिव हरप्रसाद घोष, झांटू रुइदास, उपाध्यक्ष सन्नी सिंह, दिनेश डे, सचिव देबाशी मंडल, टाटन मोदक, अशोक नोनिया, राजू मित्रा, रतन साव, सरस्वती केवड़ा एवं रामसहाय साव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा तथा भाजपा समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *