जामुड़िया की जल समस्या पर गंभीर हुई पहल,केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री से विधायक बिजन मुख़र्जी की महत्वपूर्ण बैठक

ईसीएल और कोल इंडिया के सहयोग से जल संकट समाधान की दिशा में तेज हुई कवायद

जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित पेयजल समस्या के समाधान को लेकर को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं प्रशासनिक पहल देखने को मिली। भारत सरकार के केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्रा दुबे के ईस्टर्न कोल्फील्डिंस लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोड़िया एरिया दौरे के दौरान क्षेत्रीय विकास, कोयला उद्योग और जनसमस्याओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जामुड़िया के नवनिर्वाचित विधायक बिजन मुख़र्जी ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जल संकट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। केंद्रीय मंत्री के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र पहुंचने पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक अनंत घोष सहित ईसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्रीय विकास योजनाओं, कोयला उद्योग की वर्तमान स्थिति तथा श्रमिकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि जामुड़िया क्षेत्र लंबे समय से भीषण जल संकट से जूझ रहा है और आम लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि तथा ईसीएल के सहयोग से क्षेत्र में स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। विधायक ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से यह वादा किया था कि क्षेत्र की पानी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि ईसीएल और केंद्र सरकार का सहयोग प्राप्त होता है, तो जामुड़िया में पेयजल संकट का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। विधायक ने यह भी कहा कि कोलियरी क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर जनहित में प्रभावी जल परियोजनाएं चलाई जा सकती हैं। इस मुद्दे को केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने गंभीरता से लेते हुए विधायक से विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा, ताकि केंद्र सरकार तथा संबंधित विभागों के माध्यम से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक के दौरान ईसीएल अधिकारियों से भी इस विषय पर सुझाव लिए गए और संभावित योजनाओं पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार कोयला क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ वहां रहने वाले लोगों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।इस महत्वपूर्ण बैठक को लेकर जामुड़िया क्षेत्र में उम्मीद का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि केंद्र सरकार, ईसीएल और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास सफल होते हैं, तो वर्षों पुरानी जल समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। वही  इस मौके अभिनाश चतुर्वेदी, पंकज सिंह सहित ईसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *