अमित शाह ने बंगाल के लिए भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया: महिलाओं को मासिक 3 हजार, बस यात्रा मुफ्त


कोलकाता, 10 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा का चुनावी घोषणापत्र ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने सत्ता में आने पर विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने के बड़े वादे किए।
घोषणापत्र में महिलाओं व बेरोजगार युवाओं के लिए विशेष योजनाओं का ऐलान हुआ। भाजपा ने वचन दिया कि महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह 3,000 रुपये दिए जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को 15,000 रुपये की सहायता भी प्रदान की जाएगी।
सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता और योग्य उम्मीदवारों को पारदर्शी भर्ती से स्थायी नौकरी का आश्वासन दिया गया। किसानों के लिए पीएम किसान योजना के 6,000 रुपये के साथ राज्य से अतिरिक्त 3,000 रुपये जोड़कर कुल 9,000 रुपये मासिक देने का वादा है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत को राज्य योजनाओं से जोड़कर गरीबों को मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। उत्तर बंगाल में अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल भी बनेगा।
महिला सुरक्षा के लिए सभी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण, हर मंडल में महिला थाना, प्रत्येक पुलिस जिले में महिला डेस्क और महिलाओं के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त सार्वजनिक बस यात्रा का वचन दिया गया।
कोलकाता के लिए 10 वर्षीय विशेष विकास योजना, उत्तर बंगाल में एम्स व खेल विश्वविद्यालय, चार नए उपनगर और दार्जिलिंग को हेरिटेज पर्यटन केंद्र बनाने का भी उल्लेख है।
ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि भाजपा ‘भयमुक्त व भ्रष्टाचारमुक्त बंगाल’ बनाएगी। सीएम बंगाल की बेटी ही होगी। मौजूदा जनकल्याणकारी योजनाएं, जैसे ‘मछली-डिम’, बंद नहीं होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *