रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, रानीगंज के संवेदनशील इलाकों में किया व्यापक निरीक्षण

रानीगंज। रामनवमी के पावन अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने रानीगंज के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों की टीम ने रानीगंज के प्रमुख इलाकों—बड़ाबाजार, सीआर रोड, इतवारी मोड़, मारवाड़ी पट्टी और हटिया रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों से संवाद कर उनसे प्रशासन को सहयोग देने की अपील भी की। इस निरीक्षण अभियान में पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मिर्धा, रानीगंज थाना प्रभारी अमित सिन्हा महापात्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनके अलावा पंजाबी मोड़ फाड़ी प्रभारी नजमूल हुडा, निमचा फाड़ी प्रभारी सुल्ताना नसरीन, बल्लभपुर फाड़ी प्रभारी पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती तथा रानीगंज ट्रैफिक प्रभारी सतीनाथ शील भी मौके पर उपस्थित थे। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों से भी शोभायात्रा की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन का पूरा सहयोग करें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और रामनवमी का त्योहार आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *