रानीगंज में भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष ने की चुनाव प्रचार की जोरदार शुरुआत, मंदिरों में पूजा कर मांगा आशीर्वाद

रानीगंज। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी पार्थ घोष ने सोमवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान की विधिवत और जोरदार शुरुआत की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में चुनावी उत्साह और सक्रियता देखने को मिली। प्रचार अभियान की शुरुआत उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। इसके पश्चात उन्होंने बड़ा बाजार स्थित हनुमान मंदिर, काली मंदिर, सीताराम जी मंदिर तथा सोलहआना दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और अपनी जीत के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद पार्थ घोष ने रानीगंज बाजार क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं से मुलाकात कर उनका समर्थन मांगा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक इस अभियान में शामिल हुए, जिससे पूरे इलाके में चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया। इसके उपरांत वह श्याम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्याम बाबा के दर्शन कर जीत की कामना की। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष ने कहा कि रानीगंज की जनता परिवर्तन चाहती है और भाजपा को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से वे निश्चित रूप से विजयी होंगे और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलाता है तो रानीगंज में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *