जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच दीवार लेखन को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। बहादुरपुर पंचायत अंतर्गत बूथ संख्या 210 के बाउरी पाड़ा इलाके में असामाजिक तत्वों द्वारा तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी हरेराम सिंह के समर्थन में लिखी गई कई दीवारों पर रंग और कालिख पोत दिए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे सुनियोजित साजिश करार दिया है। उनका आरोप है कि विपक्षी दल के समर्थकों ने जानबूझकर माहौल खराब करने और चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से इस तरह की हरकत की है। घटना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने इलाके में प्रदर्शन भी किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार एवं मौजूदा विधायक हरेराम सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “यह विपक्ष की हताशा का परिणाम है। जनता का समर्थन तृणमूल कांग्रेस के साथ है, जिसे देखकर विरोधी बौखला गए हैं। इस तरह की घटनाओं से हमें डराया नहीं जा सकता।” उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।वहीं, इस आरोप पर पलटवार करते हुए जामुड़िया से भाजपा प्रत्याशी बिजन मुखर्जी ने कहा कि, “तृणमूल कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही है। भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।” वही घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और चुनावी सरगर्मी भी तेज हो गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
