आसनसोल में एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा, चार वाहनों की टक्कर में कई घायल

आसनसोल। आसनसोल के आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्ला मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में चार वाहन आपस में टकरा गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में कार चालक मोहम्मद आज़ाद सैयद ने बताया कि उनकी गाड़ी सिग्नल पर खड़ी थी, तभी पीछे से एक ट्रक ने तेज गति से आकर जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता के कारण उन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका। वहीं, यातायात अधिकारी संजय कुमार भौमिक ने जानकारी देते हुए बताया कि वे मौके पर ही मौजूद थे, तभी अचानक एक के बाद एक चार वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भेजा तथा दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *