रानीगंज के कुमार बाजार क्षेत्र में भीषण आग, गैस गोदाम के समीप धधकी झाड़ियाँ; दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रानीगंज। रानीगंज के कुमार बाजार क्षेत्र स्थित रानीगंज-अंडाल मार्ग पर आज दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। जंगलनुमा क्षेत्र में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सौभाग्यवश समय रहते दमकल विभाग को सूचना दे दी गई, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। वही प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमार बाजार में स्थित एचपी गैस गोदाम के अत्यंत समीप झाड़ियों और सूखे पत्तों में अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। चूंकि आग गैस गोदाम के नजदीक लगी थी, इसलिए स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों को आशंका थी कि यदि आग पर शीघ्र नियंत्रण नहीं पाया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। गैस गोदाम के मालिक मंडल जी ने बताया कि जैसे ही उन्हें गोदाम के आसपास आग लगने की जानकारी मिली, उन्होंने बिना विलंब किए रानीगंज दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और युद्धस्तर पर आग बुझाने का कार्य प्रारंभ कर दिया। सूखे पत्तों और झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई थी। हालांकि दमकल कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण आग को नियंत्रित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार के जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। वही स्थानीय लोगों ने भी दमकल विभाग की तत्परता की सराहना की है। समय रहते उठाए गए कदमों के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *