रानीगंज में दुर्घटना का शिकार हुई सीआरपीएफ जवान की कार, पूरा परिवार बाल-बाल बचा

रानीगंज। रानीगंज में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। आसनसोल से कोलकाता की ओर जाने वाले मार्ग पर एक डंपर ने नियंत्रण खोकर एक छोटी चारपहिया कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान अपने परिवार के साथ सवार था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ का जवान अपने परिवार के साथ वाराणसी से सेउराफुली जा रहा था। जैसे ही उनकी कार रानीगंज के समीप 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, अचानक पीछे से आ रहे एक डंपर ने नियंत्रण खो दिया और कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क पर आड़ी-तिरछी स्थिति में खड़ी हो गई। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोलकाता जाने वाली लेन में कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वही घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को पुनः सुचारु कराया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा डंपर चालक से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिस पर सख्त निगरानी की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *