दुर्गापुर के मुचिपाड़ा में 650 बेड के आधुनिक अस्पताल का भूमि पूजन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य रहे मुख्य अतिथि

दुर्गापुर। औद्योगिक नगरी दुर्गापुर के मुचिपाड़ा क्षेत्र में एक बहुप्रतीक्षित निजी अस्पताल परियोजना का गुरुवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, चिकित्सक समुदाय से जुड़े लोग, सामाजिक कार्यकर्ता तथा भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

650 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल की योजना

परियोजना के कर्णधार हिरण्मय दास ने बताया कि प्रस्तावित अस्पताल कुल 650 बेड की क्षमता वाला अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र होगा। पहले चरण में 200 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक मेडिकल उपकरण, आईसीयू, इमरजेंसी सेवाएं, सुपर स्पेशियलिटी विभाग, अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर तथा अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध रहेगी।उन्होंने यह भी बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर इलाज के लिए कोलकाता या अन्य महानगरों का रुख न करना पड़े।

कई जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि रहे मौजूद

भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य के साथ-साथ सांसद सौमित्र खां, विधायक लखन गरोई, आसनसोल शिल्पांचल के विशिष्ट समाजसेवी कृष्णा प्रसाद सहित कई प्रमुख नेता एवं अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर साधा निशाना

इस अवसर पर अपने संबोधन में सामिक भट्टाचार्य ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के कई सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं और मरीजों को समुचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनके अनुसार, सरकारी ढांचे की कमजोरी के कारण निजी अस्पतालों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

चुनाव बाद हिंसा और जांच एजेंसियों का मुद्दा

प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव के बाद हुई हिंसा का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 56 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई तथा 27 महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आईं, जिनकी जांच केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य पुलिस सहयोग करने के बजाय असहयोग का रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि सीबीआई, ईडी और एनआईए जैसी केंद्रीय एजेंसियों की जांच में भी कथित रूप से बाधाएं डाली जा रही हैं, जिससे सच्चाई सामने आने में विलंब हो रहा है।

मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप

सामिक भट्टाचार्य ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर उम्र और पारिवारिक विवरण में गंभीर विसंगतियां पाई गई हैं। व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि “जन्म से पहले जन्म प्रमाण पत्र बन रहा है, 42 साल का दादा और 22 साल का पोता दर्ज है।”उन्होंने आरोप लगाया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के नाम पर कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए तथा फॉर्म-7 को जब्त कर नष्ट किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में चुनाव आयोग को शिकायत दी गई है और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

बीएलए-2 हस्ताक्षर की नकल का आरोप

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि बीएलए-2 के हस्ताक्षर की नकल कर मतदाता सूची में बदलाव किए गए। उन्होंने दावा किया कि एक जीवित मतदाता के मामले में गलत दस्तावेज अपलोड कर सूची में परिवर्तन किया गया। उन्होंने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर बल दिया।

आगामी चुनाव पर भरोसा

राज्य की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक है। उन्होंने कहा कि जनता पहले भी सत्ता परिवर्तन कर चुकी है और वर्तमान परिस्थितियों का जवाब आगामी चुनाव में देगी। इसके साथ आयोजकों ने विश्वास जताया कि प्रस्तावित अस्पताल के निर्माण से दुर्गापुर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का नया अध्याय शुरू होगा और हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *