जामुड़िया में उच्च माध्यमिक परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए तृणमूल छात्र परिषद ने लगाया उत्साहवर्धन शिविर

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित उच्च माध्यमिक (एचएस) परीक्षा गुरुवार से राज्यभर में प्रारंभ हो गई। जामुड़िया क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई। इसी क्रम में परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें सकारात्मक ऊर्जा देने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद की ओर से विशेष उत्साहवर्धन शिविर का आयोजन किया गया। जामुड़िया के बिजपुर स्थित नेताजी शिक्षा निकेतन विद्यालय परिसर के पास जामुड़िया ब्लॉक-एक छात्र परिषद द्वारा शिविर लगाया गया। इस दौरान छात्र परिषद के द्वारा परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं का मुस्कान और शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया गया। परिषद के सदस्यों ने सभी परीक्षार्थियों को कलम, पानी की बोतल और गुलाब का फूल भेंट कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान युवाओं और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया। परीक्षा केंद्र के बाहर सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का प्रयास किया गया, ताकि विद्यार्थी बिना किसी तनाव के परीक्षा हॉल में प्रवेश कर सकें।इस मौके पर छात्र परिषद के सदस्यों ने परीक्षा शुरू होने तक केंद्र के बाहर मौजूद रहे और जरूरतमंद छात्रों की सहायता करते नजर आए। इस अवसर पर युवा तृणमूल कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने कहा कि उच्च माध्यमिक परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण चरण होता है। ऐसे समय में उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाना समाज और संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल शुभकामनाएं देना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि परीक्षा देने आने वाले छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। छात्र परिषद के सदस्य पूरी तरह तत्पर हैं। उन्होंने आगे कहा कि शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से परीक्षाएं संपन्न हों, इसके लिए तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और प्रशासन के साथ सहयोगात्मक भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य सुब्रतो अधिकारी, तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद जामुड़िया ब्लॉक-एक के अध्यक्ष अभिषेक रूईदास, महासचिव पूजा चटर्जी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने मिलकर परीक्षार्थियों को सफलता की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि इस तरह के प्रयासों से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और परीक्षा का दबाव कुछ हद तक कम होता है। वही पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। जामुड़िया में प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *