
आसनसोल। आसनसोल दक्षिण की विधायक सह राज्य की महासचिव अग्निमित्रा पाल ने “दीदी भाई” कार्यक्रम के तहत अपने विधानसभा अंतर्गत मंडल–4 के रानीगंज ईगारा क्षेत्र स्थित बूथ संख्या 267 का दौरा कर स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को सुना तथा क्षेत्र की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस कार्यक्रम के तहत विधायक अग्निमित्रा पाल ने इलाके महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। वही इस दौरान स्थानीय लोगों ने पेयजल, सड़क मरम्मत, जल निकासी, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दे उनके समक्ष रखे। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि “दीदी भाई” कार्यक्रम का उद्देश्य जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करना और उनकी वास्तविक समस्याओं को समझकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के बीच रहकर उनकी बात सुनना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।इस दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने तथा आम लोगों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। वही स्थानीय निवासियों ने विधायक के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का इस प्रकार सीधे क्षेत्र में आकर लोगों से संवाद करना सकारात्मक कदम है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक उपस्थित रहे। इस जनसंपर्क अभियान के माध्यम से विधायक ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध है।
