
आसनसोल। कर्नाटक में 4 से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की 69वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूल खेल मुक्केबाजी प्रतियोगिता संपन्न हुई। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया और दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल की टीम ने इतिहास रचते हुए अहम उपलब्धि हासिल की। मुक्केबाजी के इतिहास में पहली बार राज्य ने अंडर-17 बालिका और अंडर-19 बालिका वर्ग के 57–60 किलोग्राम भार वर्ग में पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इस सफलता में पूर्वा पाल का प्रदर्शन खास रहा। उन्होंने अंडर-19 बालिका वर्ग में पदक जीतते हुए पश्चिम बंगाल का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने उत्तराखंड की खिलाड़ी को हराकर पदक पक्का किया। इस उपलब्धि का बड़ा श्रेय श्री परमजीत सिंह को दिया जा रहा है। वह आसनसोल के गुरु नानक मिशन हाई स्कूल में शारीरिक शिक्षा शिक्षक हैं और पश्चिम बंगाल काउंसिल ऑफ स्कूल गेम्स एंड स्पोर्ट्स के तहत मुक्केबाजी के खेल संयोजक की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन, मेहनत, प्रोत्साहन और प्रशिक्षण से यह सफलता संभव हो सकी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी गई है, वहीं पूर्वा पाल को विशेष रूप से राज्य का मान बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
