
हुगली, 08 फ़रवरी (हि. स.)। श्रीरामपुर–जगतबल्लभपुर विधानसभा क्षेत्रों को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी चार्जशीट को लेकर अब मामला थाने तक पहुंच गया है। इस चार्जशीट के खिलाफ अधिवक्ता सुमलय दास ने श्रीरामपुर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि भाजपा द्वारा सार्वजनिक रूप से जारी की गई चार्जशीट में लगाए गए आरोप तथ्यहीन, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि चार्जशीट के जरिए एक विशेष राजनीतिक पार्टी और उसके जनप्रतिनिधियों की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है, जिससे आम जनता के बीच भ्रम फैल सकता है ।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि चुनावी माहौल में इस तरह के आरोप पत्र जारी करना सार्वजनिक शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि चार्जशीट में इस्तेमाल की गई भाषा और आरोप क्षेत्र में तनाव और अशांति का कारण बन सकते हैं ।
अधिवक्ता सुमलय दास ने पुलिस से अनुरोध किया है कि भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही यदि आरोप झूठे या भ्रामक पाए जाते हैं, तो संबंधित कानूनों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए। शिकायत में मानहानि और गलत सूचना फैलाने जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देने की मांग की गई है ।
चार्जशीट के खिलाफ दर्ज शिकायत को लेकर “हिन्दुस्थान समाचार” ने रविवार को जब अधिवक्ता सुमलय दास से संपर्क किया, तो उन्होंने प्रेस से किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस विषय में मीडिया से कोई बयान नहीं देंगे।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को श्रीरामपुर के एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा ने श्रीरामपुर और जगतबल्लभपुर विधानसभा क्षेत्रों को लेकर विस्तृत चार्जशीट जारी की थी, जिसमें विकास की कमी, कटमनी, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। अब उसी चार्जशीट के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज होने से यह मामला राजनीतिक विवाद से आगे बढ़कर कानूनी मोड़ लेता नजर आ रहा है।
फिलहाल, श्रीरामपुर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की प्रक्रिया पर विचार कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से पहले इस तरह की शिकायत और आरोप-प्रत्यारोप से इलाके की राजनीति और अधिक गरमा सकती है।
