आसनसोल नगर निगम बोर्ड का ऐतिहासिक फैसले:  सैकड़ो विकास योजनाओं को मंजूरी, बकाया टैक्स पर 20% की बड़ी राहत

आसनसोल । आसनसोल नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को आयोजित बोर्ड मीटिंग में शहर के समग्र विकास को लेकर कई अहम और दूरगामी निर्णय लिए गए। नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कमिश्नर एकम जे. सिंह, विभिन्न विभागों के एमएमआईसी, बोरो चेयरमैन एवं निगम पार्षदों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

शहर के विकास को मिली नई रफ्तार
बैठक में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बोर्ड ने जनहित से जुड़ी 100 से अधिक विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की, जिससे आसनसोल के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर 20% की ऐतिहासिक छूट
बैठक के बाद चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में कमर्शियल व नॉन-कमर्शियल प्रॉपर्टी टैक्स पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
यह विशेष राहत योजना 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिन आवासीय भवनों, कारखानों एवं व्यावसायिक परिसरों पर टैक्स बकाया है, यदि वे तय समयसीमा के भीतर पूर्ण भुगतान करते हैं, तो उन्हें इस भारी छूट का लाभ मिलेगा।

हर बोरो में विशेष टैक्स जमा कैंप
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी बोरो कार्यालयों के अंतर्गत विशेष टैक्स जमा कैंप लगाए जाएंगे, ताकि टैक्स भुगतान प्रक्रिया सरल हो और राजस्व संग्रह सुचारु रूप से हो सके।

100 नए बिल्डिंग प्लान को भी मिली मंजूरी
बैठक में करीब 100 नए बिल्डिंग प्लान को स्वीकृति दी गई। इससे आवासीय व व्यावसायिक निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

“आमादेर पाड़ा-आमादेर समाधान” योजना पर ज़ोर
चेयरमैन ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की महत्वाकांक्षी “आमादेर पाड़ा-आमादेर
समाधान” योजना के तहत विभिन्न वार्डों में विकास कार्य तेज़ी से चल रहे हैं।
इसके अलावा सांसद फंड, विधायक फंड और पार्षद फंड से भी सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मज़बूत किया जा रहा है।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
बैठक में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। निगम अधिकारियों को समयबद्ध कार्य, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

शोक प्रस्ताव
बोर्ड बैठक की शुरुआत महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मृत्यु एवं हादसे में मारे गए अन्य लोगों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर की गई।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, इन फैसलों से आने वाले महीनों में आसनसोल में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों व व्यापारियों बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *