गंगा आरती में शामिल हुई नीता अंबानी, मां गंगा की आरती देख हुईं आह्लादित

गंगा आरती में शामिल  नीता अंबानी:फोटो बच्चा गुप्ता

दशाश्वमेध घाट पर लोगों का अभिवादन भी किया, घाट पर हर-हर महादेव का उद्घोष

वाराणसी । देश के जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी एवं रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी सोमवार शाम दशाश्वमेधघाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल हुई। दुल्हन की तरह फूलों से सजे घाट पर गंगा सेवा निधि के विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल नीता अंबानी ने लगभग 20 मिनट तक मां गंगा की आरती देखी। मां गंगा के प्रति श्रद्धा दिखाते हुए उन्हें प्रणाम कर लोगों का भी अभिवादन किया। घाट की मढ़ी से मां गंगा की आरती देख आह्लादित नीता अंबानी भजन गुनगुनाती रही। खास बात यह रही कि आरती के दौरान वो पूरे समय हाथ जोड़ खड़ी नजर आई। ये दूसरी बार था जब वह दशाश्वमेध घाट पर होने वाली मां गंगा की आरती में शामिल हुई। गंगा सेवा निधि कार्यालय में ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सोसाइटी सचिव सुरजीत सिंह, ट्रस्ट सचिव हनुमान यादव ने नीता अंबानी को अंगवस्त्र मोमेंटो व स्फटिक की माला, प्रसाद देकर स्वागत किया।

संस्था के पदाधिकारियों ने देश के अमर वीर योद्धाओं की स्मृति में आयोजित होने वाले आकाश दीप महोत्सव एवं देव दीपावली महोत्सव के बारे में भी नीता को बताया। आगामी देव दीपावली महोत्सव में आने के लिए उन्हें आमंत्रित भी किया। इस दौरान उनके साथ प्रख्यात ड्रेस डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी मौजूद रहे। इसके पहले उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। बाबा के स्वर्ण मंडित गर्भगृह में मंदिर के प्रधान अर्चक पं. श्रीकांत मिश्र ने अर्चकों के साथ विधि विधान से षोडशोपचार पूजन कराया। नीता अंबानी ने दर्शन पूजन के बाद बेटे अनंत के शादी का पहला निमंत्रण बाबा को समर्पित किया।

दर्शन पूजन के बाद नीता अंबानी ने कहा कि दर्शन के बाद बहुत अच्छा लग रहा है। हमारे हिन्दू धर्म में कोई भी शुभ काम करने से पहले भगवान का आशीर्वाद लिया जाता है। बाबा विश्वनाथ को अनंत और राधिका की शादी का निमंत्रण कार्ड दिया है।

बताते चलें, अनंत अंबानी की शादी राधिका मर्चेंट के साथ 12 जुलाई को होने वाली है। शादी का फंक्शन तीन दिनों तक चलेगा। इस शादी में देश विदेश के दिग्गज लोग शामिल होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?