तीन दिन से लापता युवक का तालाब से शव बरामद, इलाके में शोक

पांडवेश्वर । पांडवेश्वर के हरीपुर मे तीन दिनों से लापता 25 वर्षीय युवक का शव तालाब से बरामद होने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना पांडवेश्वर के हरीपुर क्षेत्र के दत्तपुकुर नामक तालाब की है। मृतक की पहचान सनो भुइयां (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को तालाब से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि मिर्गी की बीमारी के कारण तालाब के किनारे युवक को दौरा पड़ा होगा और वह पानी में गिर गया होगा। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के अनुसार, सनो भुइयां पिछले तीन दिनों से लापता था। बताया गया कि वह मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था। उसकी बीमारी को देखते हुए परिवार के लोग उस पर विशेष नजर रखते थे। मृतक की दादी ने बताया कि घटना से दो दिन पहले सनो खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पूछताछ की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बताया जा रहा है कि सनो के लापता होने के संबंध में परिवार की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। मृतक की दादी वृद्ध होने के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अधिक पढ़ी-लिखी नहीं हैं। ऐसे में परिवार की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराए जाने की बात सामने आई है। इधर, शुक्रवार सुबह दत्तपुकुर तालाब के पास से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर तालाब के पानी में तैरती एक वस्तु पर पड़ी। संदेह होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो पानी में एक युवक का शव दिखाई दिया। घटना की जानकारी तत्काल पांडवेश्वर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पांडवेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान सनो भुइयां के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस आशंका से भी मामले की जांच कर रही है कि मिर्गी की बीमारी से पीड़ित सनो किसी तरह तालाब के किनारे पहुंचा होगा और वहां अचानक बीमारी का दौरा पड़ने के कारण पानी में गिर गया होगा। पानी में डूबने से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *