अंडाल के हरिपुर में भू-धसान से दहशत, बारिश के बीच लगातार धंस रही जमीन

अंडाल। दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अंडाल के हरिपुर माध्यमिक शिक्षा केंद्र के पास भू-धसान की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। जमीन धंसने की घटना सामने आने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भय व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी दो बार भू-धसान की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण जमीन के धंसने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि इसी तरह बारिश जारी रही तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने तथा भू-धसान के कारणों की जांच कराने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता विक्की चौरसिया घटनास्थल पर पहुंचे और मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी दो बार इसी क्षेत्र में जमीन धंसने की घटना हो चुकी है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को समय रहते टाला जा सके। भारी बारिश के बीच हुई इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। अब लोगों की नजर प्रशासन की ओर है कि प्रभावित क्षेत्र का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक कदम कब उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *