
जामुड़िया। जामुड़िया थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थर परिवहन किए जाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थर लदे 14 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इस मामले में चार ट्रैक्टर मालिकों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में कोयला कारोबारी विकास गोराई का नाम भी शामिल है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में विकास गोराई की भूमिका संदिग्ध पाई गई है और उसे कथित अवैध पत्थर कारोबार के मुख्य संचालक के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही उसकी भूमिका को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जामुड़िया थाना क्षेत्र के जयनगर इलाके में बड़ी संख्या में पत्थर लदे ट्रैक्टरों के एक साथ आवागमन की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जामुड़िया थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तत्काल अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जयनगर इलाके में घेराबंदी कर पत्थर लदे 14 ट्रैक्टरों को रोक लिया और आवश्यक दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच के दौरान अवैध रूप से पत्थर परिवहन किए जाने का संदेह होने पर सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। मामले में पुलिस ने चार ट्रैक्टर मालिकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कथित तौर पर इस अवैध कारोबार के संचालन में शामिल होने के आरोप में कोयला कारोबारी विकास गोराई को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में विकास गोराई की भूमिका महत्वपूर्ण प्रतीत हो रही है। इसी आधार पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पत्थरों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे। 14 ट्रैक्टरों की एक साथ जब्ती के बाद पुलिस अब पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। जांचकर्ताओं का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि जब्त पत्थर कहां से लाए जा रहे थे, उन्हें किस स्थान पर पहुंचाया जाना था और इस परिवहन के लिए किन मार्गों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कथित अवैध कारोबार में ट्रैक्टर मालिकों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर कथित पत्थर परिवहन के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।अधिकारियों को आशंका है कि पूछताछ के दौरान पत्थरों के स्रोत, परिवहन के मार्ग और संभावित खरीदारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लंबे समय से इस प्रकार का अवैध परिवहन किया जा रहा था या हाल में ही इसकी शुरुआत हुई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपितों को सोमवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की आगे की जांच के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस जब्त किए गए 14 ट्रैक्टरों और उनमें लदे पत्थरों से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 14 ट्रैक्टरों की एक साथ जब्ती और पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद जामुड़िया इलाके में अवैध पत्थर परिवहन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
