आसनसोल में बारिश का कहर, रेलपार समेत कई इलाकों में जलप्रलय

घरों में 5 से 10 फीट तक पानी, छतों पर रात गुजारने को मजबूर लोग; कई प्रमुख मार्ग बंद, NDRF और राहत दलों ने संभाला मोर्चा

आसनसोल। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में सोमवार से शुरू हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने मंगलवार को आसनसोल में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई निचले इलाकों में भारी जलजमाव के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। रेलपार, दिलदार नगर, हटन रोड सहित कई क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हैं, जबकि कई घरों में कई फीट तक पानी घुस गया है।
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में गरुई नदी के किनारे स्थित रेलपार इलाके में स्थिति सबसे गंभीर बताई जा रही है। कई घरों में 5 से 10 फीट तक पानी पहुंचने के बाद परिवारों को सुरक्षित स्थानों, दूसरी-तीसरी मंजिल और छतों पर शरण लेनी पड़ी। कई लोगों ने पूरी रात छतों पर गुजारकर बिताई। पानी में घर का सामान, फर्नीचर और अन्य जरूरी वस्तुएं खराब हो गईं।
शहर के पंचमुखा ब्रिज के पास भी भारी जलजमाव से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। भगत सिंह मोड़ से जीटी रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिलदार नगर समेत अन्य इलाकों में भी सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन बंद
लगातार बारिश और गरुई नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर कई मार्गों पर आवागमन रोक दिया गया है।
कल्याणपुर हाउसिंग कल्वर्ट/ब्रिज: गरुई नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी कल्वर्ट/ब्रिज के ऊपर से बहने लगा है। इसके चलते इस मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है।
बागबंदी कनेक्टिंग रोड: नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यहां भी जलभराव और पानी के बहाव को देखते हुए आवागमन बंद कर दिया गया है।
कालीपहाड़ी रेलवे टनल: सुरंग में पानी का तेज बहाव होने के कारण इसे एहतियात के तौर पर यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से इन मार्गों पर जाने से बचने और स्थिति सामान्य होने तक वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

NDRF और राहत दल राहत-बचाव में जुटे
हालात की गंभीरता को देखते हुए NDRF, सिविल डिफेंस, आसनसोल नगर निगम और पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। जलमग्न घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ प्रभावित परिवारों को भोजन और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
भाजपा पार्षद गौरव गुप्ता भी अपने सहयोगियों के साथ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य में सक्रिय हैं। जरूरतमंद परिवारों को तिरपाल, दूध, बेड, भोजन और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी की ओर से भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हेल्पलाइन के माध्यम से सहयोग उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

नए निम्न दबाव से बढ़ सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक नए निम्न दबाव क्षेत्र के बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से बारिश का दौर और तेज होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में पश्चिम बर्धमान के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
लगातार जलजमाव से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। कुछ घंटों की तेज बारिश में ही सड़कें तालाब में बदल जाती हैं। नागरिकों ने जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *