बोल बम’ के जयघोष से गूंजा चिरकुंडा, 46वें वार्षिक कांवड़ यात्रा दल में 71 शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना

 


धनबाद। श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम शनिवार तड़के चिरकुंडा में देखने को मिला, जब चिरकुंडा कांवड़िया संघ का 46वाँ वार्षिक कांवड़ यात्रा दल हजारों शुभकामनाओं और “हर-हर महादेव”, “बोल बम” के गगनभेदी जयघोष के बीच बिहार के सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। पूरे माहौल में शिवभक्ति की अलौकिक छटा बिखरी रही और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।


सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी मां गंगा से पवित्र गंगाजल भरने के बाद 71 शिवभक्त पैदल यात्रा करते हुए झारखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना करेंगे।
संघ के सदस्य दिनेश अग्रवाल ने बताया कि चिरकुंडा कांवड़िया संघ पिछले 46 वर्षों से निरंतर इस पावन परंपरा का निर्वहन कर रहा है। संघ का उद्देश्य केवल बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करना ही नहीं, बल्कि कांवड़ पथ पर चलने वाले डाक बम और अन्य कांवड़ियों की सेवा करना भी है। प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर, सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे यह यात्रा सेवा, समर्पण और मानवता का भी संदेश देती है।


इस वर्ष 71 श्रद्धालुओं का जत्था पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा पर निकला। इस अवसर पर विनोद अग्रवाल, निरंजन अग्रवाल, घनश्याम बंसल, डॉ. नारायण, डॉ. सुमित शंघाई, वीरेंद्र सिंह, अनिल शर्मा, दीपक शर्मा, प्रशांत बंसल, आशीष बंसल, विशाल शर्मा, जयकिशन अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, अमित शर्मा,रोशन शर्मा, विनीत पोद्दार, अभिषेक जिन्दल, गौरव साव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने बाबा भोलेनाथ से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और राष्ट्र के कल्याण की प्रार्थना करते हुए कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *