कोलकाता की सड़कों पर मणिरत्नम की फिल्म की शूटिंग, ट्राम में नजर आईं साई पल्लवी

कोलकाता, 30 जुलाई ।फिल्म निर्देशक मणिरत्नम इन दिनों कोलकाता में अपनी आगामी तमिल फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म में विजय सेतुपति और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

बुधवार सुबह से शुरू हुआ शूटिंग का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।

महाकरण (राइटर्स बिल्डिंग) के पास साई पल्लवी को स्कूटी चलाते हुए एक दृश्य फिल्माते देखा गया। इसके बाद धर्मतला ट्राम डीपो में शूटिंग हुई, जहां साई पल्लवी ने ट्राम के भीतर शाॅट दिया। शूटिंग के दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें देखने पहुंचे। अभिनेत्री ने मुस्कुराते हुए उनका अभिवादन किया। कुम्हारटोली में शूटिंग के दौरान उन्होंने प्रशंसकों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

फिल्म की शूटिंग प्रिंसेप घाट में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। आने वाले दिनों में पार्क स्ट्रीट के प्रतिष्ठित इलाकों में भी फिल्मांकन किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि कोलकाता में करीब 10 दिनों तक इस फिल्म की शूटिंग चलेगी।

फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान तैयार कर रहे हैं। इससे पहले मणिरत्नम ने वर्ष 2004 में फिल्म ‘युवा’ की शूटिंग भी कोलकाता में की थी, जिसमें अभिषेक बच्चन, अजय देवगन, विवेक ओबेरॉय, रानी मुखर्जी, करीना कपूर और ईशा देओल जैसे कलाकार नजर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *