आसनसोल शहर के विकास और यातायात सुधार पर मंथन, एडीडीए ने व्यापारिक प्रतिनिधियों संग की बैठक

आसनसोल। औद्योगिक नगरी आसनसोल को आधुनिक, सुव्यवस्थित और जाममुक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं आसनसोल नगर निगम की प्रशासक अदिति चौधरी की अध्यक्षता में शहर के विभिन्न चैंबर ऑफ कॉमर्स, व्यापारिक संगठनों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की वर्तमान यातायात व्यवस्था की चुनौतियों का स्थायी समाधान तलाशना तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का खाका तैयार करना था। बैठक में आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव विनोद गुप्ता, फोसबेकी के अध्यक्ष सचिन राय, आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा, आसनसोल मर्चेंट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष हिरेन व्यास, उद्योगपति अमित पाल छाबड़ा सहित विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने शहर के विकास और यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने-अपने सुझाव विस्तार से प्रस्तुत किए। बैठक के दौरान इस बात पर विशेष चिंता व्यक्त की गई कि बीते कुछ वर्षों में शहर में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जबकि सड़क नेटवर्क और पार्किंग सुविधाओं का अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया है। इसके कारण शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। इससे न केवल आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं। व्यापारिक संगठनों ने एडीडीए के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। इनमें शहर के अत्यधिक व्यस्त मार्गों पर नए फ्लाईओवर का निर्माण, आधुनिक मल्टी-लेवल स्पाइरल पार्किंग प्लाजा की स्थापना, एस.बी. गोराई रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए समानांतर सड़क का निर्माण, प्रमुख चौराहों का पुनर्विकास, पार्किंग प्रबंधन को वैज्ञानिक बनाने तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समग्र ट्रैफिक मास्टर प्लान तैयार करने की मांग प्रमुख रही। प्रतिनिधियों ने यह भी सुझाव दिया कि शहर में सड़क चौड़ीकरण, बेहतर संकेतक प्रणाली, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ, अतिक्रमण हटाने की प्रभावी व्यवस्था तथा सार्वजनिक परिवहन को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उनका मानना था कि केवल तात्कालिक उपायों से नहीं, बल्कि दीर्घकालिक योजना के माध्यम से ही आसनसोल की ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान संभव है। बैठक में प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी सहमति बनी। सीईओ अदिति चौधरी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा कि शहर के विकास में व्यापारिक समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों का तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर परीक्षण कराया जाएगा और व्यवहारिक प्रस्तावों को चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
बैठक समाप्त होने के बाद व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि पहली बार विकास और ट्रैफिक प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशासन ने व्यापारिक समुदाय की राय को इतनी गंभीरता से सुना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच इसी प्रकार नियमित संवाद जारी रहा, तो आने वाले समय में आसनसोल को जाममुक्त, व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा। प्रतिनिधियों ने बताया कि सीईओ ने प्रत्येक माह इस प्रकार की समन्वय बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया है, ताकि विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ नए सुझावों पर भी समयबद्ध निर्णय लिया जा सके। इससे शहर के विकास को नई गति मिलने के साथ-साथ नागरिकों, व्यापारियों और उद्योग जगत को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *