जामुड़िया में श्रद्धापूर्वक मनाई गई पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की 113वीं जयंती, विभिन्न शाखाओं में हुए कार्यक्रम

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल के भूतपूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ वामपंथी नेता ज्योति बसु की 113वीं जयंती के अवसर पर जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में माकपा (सीपीआई-एम) की विभिन्न शाखाओं द्वारा श्रद्धांजलि सभाओं एवं स्मरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। दामोदरपुर स्थित श्रमिक भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व माकपा नेता तापस कवि एवं एमडी कलीमुद्दीन ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी का झंडा फहराकर की गई। इसके बाद तापस कवि ने ज्योति बसु के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित नेताओं ने कहा कि ज्योति बसु ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, श्रमिकों, किसानों तथा आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।इस अवसर पर सुमित कवि, बुधदेव रजक, सुभाशीष बनर्जी सहित बड़ी संख्या में माकपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी प्रकार जामुड़िया बाजार में माकपा के युवा नेता बिकास यादव के नेतृत्व में भी जयंती समारोह आयोजित किया गया। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने ज्योति बसु के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में गोपाल दास, शमशेर सिद्दीकी, नूरी खातून, शंकर रवानी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, परिहारपुर-10 स्थित विकास चौधरी मेमोरियल हॉल में माकपा नेता एमडी कयूम के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में वक्ताओं ने ज्योति बसु के राजनीतिक जीवन, प्रशासनिक अनुभव तथा जनहित में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अलावा अजय पूर्व एरिया कार्यालय में भी माकपा नेता मनोज दत्ता के नेतृत्व में ज्योति बसु की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर सुकुमार सांघुई, तुषार गोस्वामी, हराधन गोप सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कार्यक्रमों में वक्ताओं ने ज्योति बसु के सिद्धांतों और जनसेवा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया तथा कहा कि पार्टी उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *