
गिरफ्तारी की मांग को लेकर जामुड़िया-रानीगंज मुख्य मार्ग किया जाम
रानीगंज/ बालनपुर में शनिवार को हुई हिंसक घटना के विरोध में रविवार सुबह बाउरीपाड़ा के लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। महिलाओं के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने जामुड़िया-रानीगंज मुख्य मार्ग पर स्थित मिठापुर मोड़ पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शनिवार को जमीन विवाद को लेकर हुए संघर्ष के दौरान सिंहपाड़ा के कुछ युवकों ने बाउरीपाड़ा की कई महिलाओं के साथ मारपीट की और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है।
दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सुबह से ही सड़क अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से जामुड़िया-रानीगंज मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना सड़क जाम और धरना समाप्त कर दिया। फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
