बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के 39वें स्वर्गीय निहार रंजन दत्ता एवं स्वर्गीय शिवदास ठाकुर स्मृति इंटर-स्कूल नॉक-आउट फुटबॉल टूर्नामेंट का हुआ शानदार समापन

बारिश के बीच रोमांचक मुकाबले में शांतिनगर विद्यामंदिर बना चैंपियन

आसनसोल। आसनसोल के बर्नपुर स्टेडियम में बर्नपुर यूनाइटेड क्लब द्वारा आयोजित 39वें स्वर्गीय निहार रंजन दत्ता एवं स्वर्गीय शिवदास ठाकुर स्मृति इंटर-स्कूल नॉक-आउट फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। रोमांच से भरपूर फाइनल मुकाबले में शांतिनगर विद्यामंदिर (एचएस) ने गत वर्ष की विजेता टीम हीरापुर एमसीटी इंस्टीट्यूट (एचएस) को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। क्लब के महासचिव देबार्शी रॉय ने बताया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की शुरुआत 22 जून को हुई थी। प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में क्षेत्र के आठ विद्यालयों की फुटबॉल टीमों ने भाग लिया। कई रोमांचक मुकाबलों के बाद शांतिनगर विद्यामंदिर और हीरापुर एमसीटी इंस्टीट्यूट ने फाइनल में प्रवेश किया, जहां दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि सेल-इस्को इस्पात संयंत्र, बर्नपुर के प्रभारी कार्यपालक निदेशक (एचआर) उमेंद्र पाल सिंह थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में इस्को इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) तथा क्लब के उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं सम्मानित अतिथियों में इस्को इस्पात संयंत्र के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक (बीई) एवं क्लब के उपाध्यक्ष एम. ई. शम्सी तथा बर्नपुर शिल्पांचल के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी पी. के. ठाकुर शामिल थे।
सभी अतिथियों ने बर्नपुर यूनाइटेड क्लब की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। उन्होंने क्लब के पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल करने के लिए लगातार प्रयास करते रहे, लेकिन कोई भी टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी। इसके बाद विजेता का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया गया। पेनल्टी शूटआउट में शांतिनगर विद्यामंदिर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हीरापुर एमसीटी इंस्टीट्यूट को 4-3 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उमेंद्र पाल सिंह ने विजेता टीम शांतिनगर विद्यामंदिर को आकर्षक विजेता ट्रॉफी के साथ 7 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। वहीं विशिष्ट अतिथि जितेंद्र कुमार ने उपविजेता हीरापुर एमसीटी इंस्टीट्यूट की टीम को ट्रॉफी एवं 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों तथा मैच अधिकारियों को भी क्लब की ओर से स्मृति-चिह्न, ट्रॉफी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बारिश के बावजूद बर्नपुर स्टेडियम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन पर बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, विद्यालयों, मैच अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *