
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की प्रतिभाशाली पावरलिफ्टर स्नेहा घरामी ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ताकत और प्रतिभा का लोहा मनवाया। 76 किलोग्राम जूनियर वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया और कई पदक जीतकर राज्य तथा देश का नाम गौरवान्वित किया।
चैंपियनशिप के दौरान स्नेहा ने स्क्वाट स्पर्धा में 222.5 किलोग्राम वजन उठाकर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। बेंच प्रेस में 120 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने रजत पदक हासिल किया, जबकि डेडलिफ्ट में 187.5 किलोग्राम वजन उठाकर एक और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कुल 530 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने ओवरऑल गोल्ड चैंपियन का प्रतिष्ठित खिताब भी जीत लिया।
स्नेहा की यह उपलब्धि भारतीय पावरलिफ्टिंग जगत में उनकी बढ़ती पहचान को और मजबूत करती है। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर वह देश की सबसे संभावनाशील युवा खिलाड़ियों में अपनी जगह बना रही हैं।
इस सफलता के पीछे मैथन अलॉयज लिमिटेड का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए कंपनी लगातार प्रयासरत है। इसी समर्थन ने स्नेहा जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी को अपने लक्ष्य हासिल करने में नई ऊर्जा प्रदान की है।
अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए स्नेहा घरामी ने मैथन अलॉयज लिमिटेड के सीएमडी सुभाष अग्रवाला के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके निरंतर सहयोग, प्रेरणा और विश्वास ने उन्हें हर चुनौती का सामना करने और बेहतर प्रदर्शन करने का हौसला दिया है।
इस अवसर पर सुभाष अग्रवाला ने स्नेहा को बधाई देते हुए कहा, “स्नेहा ने अपनी अथक मेहनत, समर्पण और अद्भुत प्रदर्शन से एक नया मुकाम हासिल किया है। उनकी यह सफलता हम सभी के लिए गर्व का विषय है। मुझे विश्वास है कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत और पश्चिम बंगाल का नाम रोशन करेंगी।”
राष्ट्रीय रिकॉर्ड और ओवरऑल चैंपियनशिप खिताब के साथ स्नेहा घरामी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर परिश्रम सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उनकी यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
